Sunday, January 5, 2020

ऑस्ट्रेलिया की आग में कोआला की आधी आबादी हो गई साफ

ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी भयंकर आग से पेड़ों पर रहने वाले खूबसूरत प्राणी कोआला की आधी आबादी खत्म होने की आशंका जताई जा रही है। आग बुझाने के काम में लगे बचाव दल के सदस्यों ने रविवार को कहा कि दक्षिणी ऑस्ट्रेलिया के कंगारू द्वीप पर लगी आग से पचास फीसद कोआला अब तक मारे जा चुके हैं। आग लगने से पहले यह द्वीप करीब 50 हजार कोआला का आशियाना था। वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में पाए जाने वाले कोआला सभी तरह के रोगों से मुक्त और स्वस्थ हैं। लेकिन जंगलों की आग ने इस जीव के आवास और भोजन को खत्म कर दिया है। आग से जो कोआला बच गए हैं उनकी जान अब भूख से भी जाने लगी है। कंगारू द्वीप और न्यू साउथ वेल्स के अलावा विक्टोरिया के गिप्सलैंड क्षेत्र में रहने वाले कोआला भी अग्निकांड से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आग की वजह से न्यू साउथ वेल्स प्रांत में बड़ी संख्या में जानवरों की मौत हुई है।

गौरतलब है ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग ने लगभग पचास लाख हेक्टेयर जमीन को अपने आगोश में ले रखा है। यह क्षेत्रफल जापान के भूभाग के बराबर है। ऑस्ट्रेलिया ने आग से कटे हुए इलाकों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए हैं। नौसेना के जहाज और सैन्य विमानों से इन इलाकों के लिए राशन-पानी और ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया राज्य में अब तक आग की चपेट में आने की वजह से कई लोगों की मौत हो चुकी है। न्यू साउथ वेल्स के कंजोला पार्क में आग से कई घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया में बारिश होने में अभी तीन महीनों का समय बाकी है। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि दावानल का रूप ले चुकी आग फिलहाल इसी तरह धधकती रहेगी। इस मामले में विशेषज्ञों का कहना है कि तीन साल के सूखे के बाद बेहद शुष्क परिस्थितियों ने आग को भड़काने का काम किया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन को इसकी एक अहम वजह बताया है।

The post ऑस्ट्रेलिया की आग में कोआला की आधी आबादी हो गई साफ appeared first on indiaabhiabhi.



source https://indiaabhiabhi.com/half-of-koala-population-destroyed-in-australias-fire/

No comments:

Post a Comment