अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी नजर आने लगा है और इसी घटनाक्रम में केन्या के लामु काउंटी में अमेरिका और नैरोबी के संयुक्त सैन्य ठिकाने पर अल कायदा से जुड़े सोमालिया के आतंकवादी संगठन अल-शबाब का हमला हुआ। इस हमले में एक जवान समेत तीन अमेरिकी नागरिकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गये। जवाबी कार्रवाई में अल शबाब के पांच आतंकवादी मारे गये।
अमेरिकी अफ्रीका कमांड ने रविवार को जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘पूर्वी अफ्रीका में अल कायदा समूह के संगठन अल शबाब के मांडा क्षेत्र में स्थित केन्या डिफेंस फ़ोर्स मिलिट्री बेस पर हमले में एक अमेरिकी सैनिक और रक्षा विभाग के दो ठेकेदारों की मौत हो गयी।’ उन्होंने बताया कि हमले में दो अन्य सदस्य घायल भी हुए हैं।
इससे पहले केन्याई रक्षा बलों (केडीएफ) के प्रवक्ता पॉल एनजुगुना ने इस बात की पुष्टि की कि आतंकवादियों के हमले की जवाबी कार्रवाई में अल-शबाब के पांच आतंकवादी भी मारे गये। रक्षा बलों (केडीएफ) ने ट्विटर पर कहा, ‘रविवार सुबह स्थानीय समयानुसार 0530 बजे आतंकवादियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर मांडा हवाई अड्डे पर हमले का विफल प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई के बाद पांच आतंकवादियों के शव अब तक बरामद किये जा चुके हैं। हवाई अड्डा पूरी तरह सुरक्षित है।’
अल-शबाब ने लामू काउंटी स्थित अमेरिका और केन्या के संयुक्त सैन्य ठिकाने पर हमले की जिम्मेदारी ली है। अलजजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में आत्मघाती हमलावर का प्रयोग किया गया और आतंकी संगठन ने कैंप पर कब्जा कर लिया है। इससे पहले सितंबर में भी अल शबाब ने सोमालिया में एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हमला करने की जिम्मेदारी ली थी।
The post अमेरिका-केन्या सैन्य ठिकाने पर हमला, तीन अमेरिकी नागरिकों की मौत appeared first on indiaabhiabhi.
source https://indiaabhiabhi.com/attack-on-us-kenya-military-base-three-us-citizens-killed/
No comments:
Post a Comment