Wednesday, September 18, 2019

सोने ने एक साल में किया मालामाल, जानें कहां से करें खरीदारी और रखें किन बातों का ध्‍यान

पिछले एक साल के दौरान सोने ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है। एक साल में इसने 25 फीसद से भी अधिक का रिटर्न निवेशकों को दिया है। त्‍यौहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही सोने की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। भारतीय संस्‍कृति के अनुसार, सोने को निवेश का सबसे सुरक्षित जरिया माना जाता रहा है। एक जमाना था जब सिर्फ सोने के आभूषण और गोल्‍ड बार ही निवेश के लिए उपलब्‍ध थे। अब गोल्‍ड एक्‍सचेंज ट्रेडेड फंडों के अलावा आप अपने मोबाइल के जरिए कुछ क्लिक कर घर बैठे 24 कैरट सोने की खरीदारी कर सकते हैं। आज हम चर्चा करेंगे कि आपको सोना कहां से खरीदना चाहिए और प्‍योर गोल्‍ड खरीदने के लिए आपको किन बातों का ध्‍यान रखना चाहिए।

कहां से खरीदें सोना?

वैसे तो सोना खरीदने का पारंपरिक माध्‍यम आभूषण, सिक्‍के और गोल्‍ड बार रहा है लेकिन अब ट्रेंड बदल गया है। अब इलेक्‍ट्रॉनिक तरीके से भी आप शुद्ध सोने की खरीदारी घर बैठे कर सकते हैं और जब चाहें उसकी डिलिवरी भी पा सकते हैं। अगर आप बिना शुद्ध सोना खरीदे उसकी कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का लाभ उठाना चाहते हैं तो गोल्‍ड एक्‍सचेंज ट्रेडेड फंड, सॉवरेन गोल्‍ड बॉन्‍ड आदि के जरिए भी निवेश कर सकते हैं।

डिजिटल गोल्ड: अब आपको सोना खरीदने के लिए घर से बाहर निकलने की भी जरूरत नहीं है। सोने के सिक्के और बार ऑनलाइन भी खरीद सकते हैं। पेटीएम, फोनपे, गूगल पे, मोबिक्विक जैसे मोबाइल वॉलेट पर ‘डिजिटल गोल्ड’ आसानी से मिल रहा है। आपको बता दें कि यह डिजिटल गोल्‍ड 99.9 फीसद शुद्ध होता है। गूगल पे, पेटीएम जैसे मोबाइल वॉलेट ने गोल्‍ड बेचने के लिए MMTC-PAMP से साझेदारी की हुई है। पेटीएम पर आप एक रुपये का गोल्‍ड भी खरीद सकते हैं। आप चाहें तो मोबाइल वॉलेट से खरीदे गए सोने को बेच दें या अपने घर पर मंगवा लें।

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB): सरकार समय-समय पर सॉवरेन गोल्‍ड बॉन्‍ड जारी करती है। सेबी रजिस्‍टर्ड इन्‍वेस्‍टमेंट एडवाइजर जितेंद्र सोलंकी कहते हैं कि सोने में निवेश करने का यह बेहतरीन जरिया है अगर आप पांच साल तक का नजरिया रखते हैं। सॉवरेन गोल्‍ड बॉन्‍ड पर सालाना 2.5 फीसद का गारंटीड रिटर्न मिलता है, इसके अलावा कीमत बढ़ने का फायदा तो है ही। अगर आप पांच साल से पहले सॉवरेन गोल्‍ड बॉन्‍ड से निकलना चाहते हैं तो इसके लिए आपको स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सहारा लेना होगा जहां इसकी ट्रेडिंग की जाती है।

गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेट फंड (Gold ETF): Gold ETF म्‍युचुअल फंडों का एक प्रकार है जिसकी ट्रेडिंग स्‍टॉक एक्‍सचेंजों पर की जाती है। इसे खरीदने के लिए आपके पास डीमैट अकाउंट का होना जरूरी है। सोलंकी कहते हैं कि लिक्विडिटी के लिहाज से गोल्‍ड ईटीएफ सबसे अच्‍छा है। इसे आप जब चाहें स्‍टॉक एक्‍सचेंज पर बेच सकते हैं। ईटीएफ के मूल्य में उतार-चढ़ाव सोने की कीमतों पर निर्भर होता है। गोल्‍ड ईटीएफ में एकमुश्त या SIP (सिस्‍टेमैटिक इन्‍वेस्‍टमेंट प्‍लान) के जरिए नियमित अंतराल पर पैसों का निवेश कर सकते हैं।

The post सोने ने एक साल में किया मालामाल, जानें कहां से करें खरीदारी और रखें किन बातों का ध्‍यान appeared first on indiaabhiabhi.



source https://indiaabhiabhi.com/gold-made-money-in-a-year-know-where-to-shop-and-keep-in-mind/

No comments:

Post a Comment