Monday, December 9, 2019

जम्मू-कश्मीर में घरेलू पर्यटकों की संख्या में आई कमी

जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को हटाए जाने के बाद कश्मीर में इसका विशेष असर देखने को मिला है. दरअसल, इस वर्ष कश्मीर में अगस्त और नवंबर महीने के बीच महज 32 हजार घरेलू पर्यटक पहुंचे. साथ ही उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के बर्फ से ढक जाने की वजह से भी घाटी प्रभावित हुई है. बताया गया ‎कि पिछले वर्ष के चार महीने के आंकड़ों को उठाकर देखा जाए तो 2.49 हजार घरेलू पर्यटकों में 87 फीसदी की कमी देखी गई है.

इतना ही नहीं, विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी 82 फीसदी की गिरावट आई. वहीं जम्मू-कश्मीर टूरिजम के मुताबिक, नवंबर महीने में सितंबर की अपेक्षा दोगुने पर्यटक आए. इस दौरान नवंबर में 10,946 घरेलू पर्यटक और 1,140 विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे. बता दें कि 10 अक्टूबर से पर्यटकों के आने पर लगी पाबंदियों को हटाया गया था. इसके बावजूद इस बार केंद्रशासित प्रदेश को विशेष फायदा नहीं हुआ है.

इसके संबंध में श्रीनगर में राजबाग स्थित शम्सी रिवेरा होटल के मालिक परवेज बाबा ने कहा कि 24 कमरों में से महज 4 कमरे किराए पर उठे हैं. इन कमरों को भी वास्तविक कीमत से आधे दामों पर देना पड़ा है. उन्होंने यह भी कहा ‎कि “मेरा होटल अभी तीन वर्ष पुराना है और मैं अपने रास्ते में व्यवसाय को खोने का जोखिम तो नहीं उठा सकता है. यदि मैं प्रति रूम का 4000 रुपये किराया लेता हूं तो मुझे शायद ही गेस्ट मिलें.” बताया गया ‎कि अपने छह दोस्तों के साथ गुलमर्ग में तीन रातें बिताने के बाद ऑस्ट्रेलिया के रॉबर्ट्सन पिछले मंगलवार को चले गए. यात्रा के दौरान उन्होंने खुद को एकदम सुरक्षित महसूस किया. हालांकि, इंटरनेट की उपलब्धता न होना उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी. इस बात के बारे में वह पहले से ही सोच चुके थे.

वह कहते हैं, “मैं कई बार कश्मीर आया हूं. लेकिन इस बार हमने अपनी यात्रा के वक्त में कुछ कटौती की क्योंकि बिना इंटरनेट के अपने परिवारवालों से संपर्क करना मुश्किल हो रहा था.” वहीं बता दें ‎कि इसी वर्ष जून और जुलाई महीने में जब किसी को भी आर्टिकल 370 पर उठाए जाने वाले कदम की भनक तक नहीं थी तो घाटी में 1.62 लाख और 1.49 लाख घरेलू पर्यटक आए थे. यह पिछले वर्ष के आंकड़ों से 27 फीसदी ज्यादा है. इस बात की पुष्टि जम्मू-कश्मीर टूरिजम की ओर से भी की गई है. वहीं सूत्रों का कहना है कि अमरनाथ यात्रा को अगस्त में हुए फैसले से पहले बीच में यदि रोका न जाता तो जुलाई में पर्यटकों की संख्या में और भी इजाफा हो सकता था.

The post जम्मू-कश्मीर में घरेलू पर्यटकों की संख्या में आई कमी appeared first on indiaabhiabhi.



source https://indiaabhiabhi.com/decrease-in-the-number-of-domestic-tourists-in-jammu-and-kashmir/

No comments:

Post a Comment